बालाघाट। वन परिक्षेत्र कटंगी में वन्यप्राणी तेंदुए और बाघ के हमले से मवेशी और इंसानों पर हमलों के मामले रुक नहीं पा रहे हैं।
बुधवार देर रात कटंगी अंतर्गत बिसापुर के बालापुर में 26 वर्षीय युवक पर तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया।
घटना रात लगभग आठ बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक बीसापुर ग्राम पंचायत के वनग्राम बालापुर ग्राम में रहने वाला दिनेश पिता दिलीप ऊइके रात्रि भोजन करने के बाद घर के आंगन में टहल रहा था, तभी उस पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इसके बाद चीख पुकार मच गई।
गांव में खबर फैलते ही हंगामा मच गया।
घरों से लोग लाठी-डंडे लेकर घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तेंदुआ फुर्ती से भाग खड़ा हुआ।
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग का अमला भी गांव पहुंच गया। पुलिस डायल 112 घायल युवक को लेकर कटंगी के सरकारी अस्पताल पहुंची। गांव में डर का माहौल बना हुआ है। गांव में सभी लोग अपने घरों के सामने-पीछे डंडे और लाठी लेकर खड़े नजर आ रहे हैं।
बताया गया कि दिनेश के सिर पर चोट आई है। कटंगी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे देर रात जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। दिनेश खतरे के बाहर बताया गया है।
कटंगी के वन परिक्षेत्र अधिकारी बाबूलाल चड़ार ने बताया कि तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर घायल किया है। ये गांव जंगल के पास है। तेंदुआ विचरण करते हुए गांव तक पहुंच गया होगा। घायल को कटंगी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पूरा इलाज होते तक विभाग खर्च वहन करेगा।


