सागर। जिले के बीना के अंतर्गत ग्राम हड़कल के पास बुधवार सुबह करीब 5 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में एक युवक की अगले माह शादी होने वाली थी और उसके विवाह के कार्ड भी बंट चुके थे, जिससे परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के मुताबिक बीना और भोपाल के कुछ युवक कुरवाई रोड स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह में शामिल होने के बाद सभी युवक सुबह करीब 5 बजे कार से रिफाइनरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम हड़कल के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि, कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में सैफ उर्फ मोंटू पिता सलामत खान (30) और यश पिता पहलाद अहिरवार (22) निवासी भीम वार्ड की मौत हो गई। वहीं, कार में सवार श्रेयांश, प्रियांश, अमन और विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए रिफाइनरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर आगासौद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


