सिलेंडर विस्फोट से भीषण आग, तीन मकान जलकर राख

छिंदवाड़ा। जिले के पांढुर्णा में सिलेंडर में विस्फोट हो गया।
जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
सिविल अस्पताल के पास करीब रात 10 बजे हुए इस हादसे में दो गैस सिलेंडरों में धमाके हुए, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर तीन मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
बताया जा रहा है कि एक घर में सिलेंडर फटने के बाद आग तेजी से फैली और पास के दो अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि वे घर का सामान तक नहीं निकाल सके। घरों में रखा फर्नीचर, कपड़े, अनाज और जरूरी सामान जलकर खाक हो गया। एक स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
हालांकि, सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की गंभीरता को देखते हुए बिजली कंपनी ने एहतियातन आधे शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवारों को जल्द राहत और मुआवजा देने की मांग की है।

 

Next Post

भरभराकर गिरा निर्माणधीन छज्जा, 8 लोग घायल

भोपाल। राजधानी में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा उस वक्त हो गया जब एम्स भोपाल के सामने स्थित एक निर्माणधीन बिल्डिंग का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय छज्जे के नीचे मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में करीब […]