इंदौर। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्त्ताओ ने कलेक्टर आशीष सिंह को मृत गोवंश के समाधि स्थल प्रदान करने हेतु ज्ञापन सौपा।
विश्व हिंदू परिषद के इंदौर विभाग संगठन मंत्री अभिषेक उदेनिया ने बताया कि वर्तमान में गोवंश की मृत्यु के बाद खुले में गोवंश का शरीर सड़ने से दुर्गंध एवं बीमारी फैलती है। अगर हम मृत गोवंश का उपयोग समाधि खाद के रूप में करते हैं तो हमें अनेकों प्रकार के फायदे होंगे। गोवंश की समाधि खाद 6 एकड़ भूमि के लिए पर्याप्त है।
समाधि खाद में खेती के लिए बड़ी मात्रा में आवश्यक तत्व पोटेशियम, नाइट्रोजन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, सल्फर, बोरान एवं जिंक सहित 16 तत्व निकलते हैं जो भूमि व पर्यावरण के लिए बहुत उपयोगी है।
एक मृत गोवंश के समाधि खाद की अंतरराष्ट्रीय कीमत 2 लाख से अधिक है। समाधि खाद का उपयोग खेती की पैदावार को दुगना कर देता है।
विश्व हिन्दू परिषद इंदौर के प्रचार प्रमुख गन्नी चौकसे ने बताया कि कलेक्टर आशीष सिंह से विश्व हिंदू परिषद के द्वारा आग्रह किया कि गोवंश की मृत्यु हो जाने के बाद भी वह हमारे पर्यावरण के लिए बहुत उपयोगी है एवं मृत गोवंश के लिए समाधि स्थल की व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन में मुख्य रूप से मालवा प्रांत के संगठन मंत्री नंददास दंडोतिया एवं विभाग सहमंत्री यश बचानी उपस्थित रहे।


