उज्जैन। जिले के बड़नगर में बुधवार रात ढाबे पर खाना खाने जा रहे सहा. उपनिरीक्षक को तीन बदमाशों ने मदद के बहाने हाथ देकर रोक लिया। इसके बाद तीनों ने सहा. उपनिरीक्षक से उसकी सर्विस पिस्टल छीन ली। जिस पर सहा. उपनिरीक्षक ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
पुलिस ने रात में ही घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली गई।
तीनों आरोपी भागने के दौरान गिरकर घायल हो गए। तीनों के खिलाफ पुलिस रासुका के तहत कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि बड़नगर थाने में पदस्थ सहा. उपनिरीक्षक गोवर्धनदास बैरागी बुधवार रात को ड्यूटी पर जाने से पहले खाना खाने के लिए ढाबे पर जा रहे थे। उसी दौरान धाकड़ किराना दुकान के समीप तीन व्यक्ति एक बाइक लेकर सड़क किनारे खडे थे। तीनों ने बैरागी को हाथ देकर मदद के बहाने रोक लिया। एएसआई बैरागी ने जैसे ही बाइक रोकी तीनों ने उनके साथ मारपीट कर सर्विस पिस्टल मय कारतूस छीन ली और वहां से भाग निकले।
जिसके बाद सहा. उपनिरीक्षक गोवर्धन दास बैरागी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने कन्या स्कूल जाफला रोड पर घेराबंदी कर तीनों आरोपी संजय उर्फ सुनील उर्फ टारजन पिता शोभाराम कीर(23) निवासी ग्राम मिंडका भाटपचलाना, अभिषेक पिता तेजूसिंह पंवार(21) निवासी ग्राम जाफला, अजय पिता सुभाष विश्वकर्मा(29) निवासी ग्राम ढोलाना बदनावर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। तीनों ढाबे पर खाना खाने के लिए गए थे। जहां इन्होंने शराब भी पी थी। इसके बाद तीनों ने वारदातों को अंजाम दिया था। तीनों वारदात के बाद स्कूल में जाकर छुप गए और सो गए थे। आरोपी टारजन के खिलाफ मारपीट के दो तथा अजय के खिलाफ आर्म्स एक्ट का एक केस दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों ने पुलिसकर्मी पर हमला कर उससे पिस्टल छीनी है। उस दौरान पुलिसकर्मी वर्दी में था। यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है। इसलिए तीनों के खिलाफ रासुका के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।


