जबलपुर। जिले में मंगलवार को जमकर बादरा बरसे।
बुधवार को भी सुबह से बारिश का दौर जारी रहा।
बीते 24 घंटे के दौरान करीब 3 इंच तक बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को सुबह दोपहर और शाम तक लगातार हल्की बारिश का दौर जारी रहा लेकिन रात तेज बारिश हुई।
जबलपुर में अब तक इस मानसून सीजन में 48 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले दो से तीन दिन तक इसी तरह से सिस्टम एक्टिव रहेगा।
वहीं, बरगी बांध के आसपास लगातार हो रही तेज बारिश के कारण बांध के चार गेट खोल दिए गए हैं। जबकि पहले से ही सात गेट खुले थे, ऐसे में बुधवार को 11 गेटों से नर्मदा नदी में पानी छोड़ा जा रहा था। आज भी मंडला और बांध के आसपास तेज बारिश का दौर जारी है, जिसके बाद सुबह साढ़े 8 बजे के आसपास 6 गेट और खोले गए। वर्तमान में 17 गेट से नर्मदा नदी में 4 हजार 300 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है।
बीते 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में पानी भी भर गया तो वहीं मौसम विभाग ने आगामी दो-तीन दिन तक भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसे देखते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को सजग रहने और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में पूरा जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है।

