डिंडोरी। जिले की समनापुर पुलिस ने अपनी कार्य कुशलता से दुष्कर्म के आरोपी को चंद घंटो के अंदर ही धरदबोच लिया।
समनापुर थाना प्रभारी कामेश कुमार धूमकेती ने जानकारी देते हुए बताया कि समनापुर थाना क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय किशोरी ने समनापुर थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई कि सतीष उर्फ सन्नी सैयाम ने उसके साथ दुष्कर्म किया, साथ ही उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दे रहा है।
पीड़ित किशोरी की रिपोर्ट पर समनापुर पुलिस द्वारा आरोपी सतीष उर्फ सन्नी सैयाम पिता लखन सैयाम निवासी ग्राम (सलैया) अण्डई थाना समनापुर के खिलाफ धारा 332, 64(1), 64(2), 65(1) बीएनएस, 66E, 67, 67B सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम, 3, 4, 51, 6 पाक्सो एक्ट के तहत मामला कायम कर विवेचना में लिया गया।
समनापुर थाना प्रभारी कामेश कुमार धूमकेती ने इस वारदात से अपने उच्चधिकारियो को अवगत कराया।
जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह के निर्देशन में एवं अति. पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (बजाग) पुरुषोत्तम मरावी के मार्गदर्शन में समनापुर पुलिस आरोपी की पतासाजी में लग गई।
समनापुर पुलिस ने आरोपी के घर ग्राम (सलैया) अण्डई में दबिश देते हुए आरोपी सतीष उर्फ सन्नी सैयाम को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया, जिसके बाद समनापुर पुलिस ने आरोपी सतीष उर्फ सन्नी सैयाम को न्यायलय में पेश किया।
समनापुर थाना प्रभारी कामेश कुमार धूमकेती के नेतृत्व में की गई कार्यवाही में उपनिरीक्षक पारस यादव, प्रधान आरक्षक भारत लाल बसन्त, आरक्षक सियाराम मरकाम, महिला आरक्षक इन्द्रमाला मसराम एवं चालक आरक्षक हेमन्त नखाते की सराहनीय भूमिका रही।


