जबलपुर। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री जीआईएफ में सोमवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुए हादसे में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद एमएमएस सेक्सन में पदस्थ घायल अशोक मीना को आनन-फानन में व्हीकल फैक्ट्री अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया हैं।
मामले पर फैक्ट्री ने चुप्पी साध ली तो नाराज कर्मचारियों ने जांच की मांग की हैं। फिलहाल कर्मचारी की हालत स्थिर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक फैक्ट्रीकर्मी अशोक मीना (32) ऑर्डिनेंस फैक्ट्री जीआईएफ के एमएमएस सेक्सन में पदस्थ है। सोमवार सुबह जब वो काम कर रहे थे, उस दौरान अधिकारियों ने उन्हें ड्रम काटने को दिया। अमूमन यह ड्रम ऑइल का होता है, जिससे की कचरा पेटी बनाई जाती है।
फैक्ट्रीकर्मी अशोक को ऑइल ड्रम की जगह थिनर का ड्रम दे दिया गया जो कि ज्वलनशील होता है। जैसे ही अशोक ने वेल्डिंग मशीन से ड्रम काटने की कोशिश की, वैसे ही ब्लास्ट हो गया। जिससे कि उसका पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया।
घायल अशोक मीणा ने बताया कि ब्लास्ट होते ही आंखों के सामने अंधेरा छा गया, कुछ समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ।
फिलहाल घायल अशोक मीणा का इलाज शहर के एक निजी हस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

