बैतूल। सोमवार दोपहर बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के मिलानपुर गांव के एक घर में अचानक विस्फोट हो गया।
हादसे में चार बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। चारो बच्चों के हाथ-पैर में गहरे घाव हो गए।
परिजन ने कहा कि बच्चे खराब बैटरी लेकर आए थे। खेलने के दौरान ये हादसा हो गया।
वहीं, डॉक्टर ने डायनामाइट में विस्फोट की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक घायलों में तीन परिवारों के चार बच्चे शामिल है। इनमें बबीता पिता मनीष सरयाम (7), नीलम पिता रमेश सरयाम(13), अंकिता पिता आकाश सलमे (6) और अंकित पिता आकाश सलमे शामिल है। बच्चों के हाथ-पैर में गहरे जख्म हैं।
अंकिता की मां संगीता ने बताया कि बच्चे घर में पीछे के कमरे में खेल रहे थे। तभी धमाका हुआ। मैं भागकर वहां पहुंची। वह काला-काला था बैटरी जैसा।
वहीं, परिजन आकाश ने बताया कि बच्चे बाइक की खराब बैटरी घर लेकर आए थे। उसी में विस्फोट हुआ है।
सर्जिकल स्पेशलिस्ट डॉ. रंजीत राठौर ने बताया कि बैटरी के फटने से ऐसी चोट नहीं आती। बच्चों के हाथ पैरों में एक से डेढ़ सेंटीमीटर के जख्म है। ऐसे जख्म डायनामाइट जैसे विस्फोटकों के फटने से ही होते हैं।
बैतूल बाजार थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि हाथ से में घायल बच्चे आपस में रिश्तेदार हैं। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के द्वारा विस्फोटक जैसी कोई चीज नहीं मिली है। इस मामले की फोरेंसिक टीम से जांच कराई जाएगी।

