नर्मदापुरम। जिले के पिपरिया स्थित पीएम श्री हाईस्कूल हथवांस में अधेड़ प्राचार्य ने महिला टीचर को मोबाइल से “आई लव यू” मैसेज भेजा। रंगीन मिजाज अधेड़ प्राचार्य ने हिंदी फिल्म का गाना ‘फूल तुम्हें भेजा है खत में’ लिखकर महिला टीचर से जवाब हां या नहीं में मांगा था और किसी को नहीं बताने की कसम भी दी।
जब महिला शिक्षक ने प्राचार्य को पिता समान बताया तो उसने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। महिला ने इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की, जिसके बाद जांच टीम स्कूल पहुंची।
जांच में पाया गया की 8 महिला शिक्षक ऐसी है जो प्राचार्य की प्रताड़ना से प्रताड़ित थीं।
मंगलवार को नर्मदापुरम संभागायुक्त कृष्णगोपाल तिवारी द्वारा प्राचार्य सुरेश श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया। निलंबन के दौरान वह जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में काम करेंगे।
शिक्षकों ने बताया कि महिला को प्रताड़ित और शोषित करने का प्राचार्य का यह कोई पहला मामला नहीं है। पहले भी महिला शिक्षक को वे प्रताड़ित कर चुके हैं। एक शिक्षक ने तो उनकी पत्नी तक को शिकायत की थी।
शिक्षकों ने आगे बताया कि प्राचार्य के बात करने का तरीका भी ठीक नहीं है। वे छात्र और जूनियर्स के सामने ही वरिष्ठ शिक्षक की बेइज्जती करते हैं। प्राइमरी और मिडिल स्कूल के शिक्षकों पर हाईस्कूल के विद्यार्थियों को पढ़ाने का दबाव बनाते थे। बात नहीं सुनने पर वॉट्सएप पर स्कूल के ग्रुप व पर्सनल मैसेज कर नीचा दिखाने का काम करते हैं। वे प्रताड़ित करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। साथ ही शिक्षा मंत्री की धौंस देकर कहते हैं ट्रांसफर करवा दूंगा।


