सीबीआई ऑफिसर बन टीआई को ही डराया, अश्लील फिल्में देखने का आरोप लगाकर ठगी की कोशिश, साइबर ठगों ने अपनाया नया पैंतरा

DR. SUMIT SENDRAM

बालाघाट। जिले में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब वे पुलिस अधिकारियो को भी धमकाने लगे हैं।
बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले को खुद को सीबाईआई अधिकारी बताने वाले एक ठग ने फोन कर अश्लील फिल्म देखने का झूठा आरोप लगाया और कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर डराने की कोशिश की। हालांकि, टीआई की सतर्कता से ठगी की वारदात टल गई।
बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि उनके मोबाइल पर ट्रू-कॉलर में ‘दोस्त’ नाम से दर्ज एक नंबर से फोन आया। फोनकर्ता ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ फोन पर गंदी फिल्में देखने की शिकायत मिली है। उसने कहा कि मामला गंभीर है और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कर चालान किया जा सकता है।
फोन पर बातचीत के दौरान ठग यह भी कहा कि इस तरह की गतिविधियां समाज में गंभीर अपराधों को बढ़ावा देती हैं। उसका मकसद साफ तौर पर टीआई पर मानसिक दबाव बनाना था, ताकि डराकर आगे पैसों की मांग की जा सके।
करीब दो मिनट तक बातचीत चलती रही।
इसी बीच टीआई जयंत मर्सकोले ने कॉलर से अधिक जानकारी लेने की कोशिश की। जैसे ही उन्होंने कहा कि वे इस बारे में अपने परिचितों को भी बता रहे हैं, कॉलर ने तुरंत फोन काट दिया। इससे साफ हो गया कि मामला साइबर ठगी का प्रयास था।
घटना के तुरंत बाद थाना प्रभारी ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद संदिग्ध मोबाइल नंबर को ब्लॉक करा दिया गया है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।

 

Next Post

कलेक्टर ने एनआरएलएम के जिला प्रबंधक की सेवा की समाप्त, 2.80 लाख के गबन पर की गई कार्रवाई

उमरिया। ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े बहुचर्चित गबन मामले में आखिरकार कलेक्टर ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। फर्जी भुगतान और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सामने आई खबरों के बाद कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने बड़ा फैसला लेते हुए जिला प्रबंधक (कृषि) महेन्द्र कुमार बारस्कर […]