मशहूर गायक अदनान सामी पर धोखाधड़ी का आरोप, कोर्ट में केस दायर

DR. SUMIT SENDRAM

ग्वालियर। प्रसिद्ध गायक अदनान सामी पर ग्वालियर की एक इवेंट आर्गेनाइजर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इवेंट आर्गेनाइजर लावण्या सक्सेना ने जिला न्यायालय में परिवाद दायर किया है जिसमें कहा है कि अदनान सामी की टीम ने रद्द हुए म्यूजिक कान्सर्ट की 17 लाख 62 हजार रुपये की एडवांस राशि अब तक वापस नहीं की है।
लावण्या सक्सेना ने 27 सितंबर 2022 को अदनान सामी का एक म्यूजिक कान्सर्ट आयोजित करने की योजना ग्वालियर में बनाई थी। इस कार्यक्रम के लिए कुल 33 लाख रुपये की फीस तय हुई, जिसमें से लावण्या ने 17.62 लाख रुपये का एडवांस भुगतान अदनान सामी की टीम को कर दिया था। एडवांस राशि प्राप्त होने के कुछ समय बाद ही अदनान सामी की टीम ने कार्यक्रम रद्द कर दिया। उस समय टीम की ओर से यह कहा गया था कि बाद में नई तारीख तय की जाएगी। लेकिन कार्यक्रम दोबारा आयोजित नहीं हो सका।
इसके बाद जब लावण्या ने अपनी एडवांस राशि वापस मांगी, तो टीम ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। पैसे न लौटाए जाने से परेशान होकर लावण्या सक्सेना ने चार सितंबर को थाना इंदरगंज में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
जिसके बाद उन्होंने 11 सितंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव को शिकायत सौंपी और छह अक्टूबर को पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना के कार्यालय में भी आवेदन दिया, लेकिन वहां से भी कोई राहत नहीं मिली। आखिरकार लावण्या ने 27 अक्टूबर 2025 को जिला न्यायालय ग्वालियर का दरवाजा खटखटाया। अब इस मामले की सुनवाई 24 नवंबर को होगी।

 

Next Post

शासकीय चन्द्र विजय महाविद्यालय में उमंग हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम आयोजित

डिंडोरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में शासकीय पीएम श्री चंद्रविजय महाविद्यालय में उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डे एवं जिला नोडल अधिकारी (आरकेएसके) व डीएचओ -2 डॉ. जयश्रीं मरावी के मार्गदर्शन में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं स्क्रीनिंग […]