छतरपुर। जिले के बड़ामलहरा थाना परिसर के सामने यूरिया खाद की पर्ची के लिए त्रस्त किसानों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक लगे इस जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और हालात अफरा-तफरी वाले हो गए।
जाम के दौरान किसानों ने यूरिया खाद वितरण में लापरवाही, प्रशासनिक अक्षमता और खाद की कथित कालाबाजारी को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले किसानों को समझाइश दी, लेकिन नहीं मानने पर उन्हें बलपूर्वक हटाकर हाईवे को खाली कराया।
प्रशासन के मुताबिक थाना परिसर में यूरिया पर्ची वितरण के लिए तीन काउंटर बनाए गए हैं और रविवार को भी खाद का वितरण किया गया था। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान सुबह-सुबह लाइनों में पहुंच जा रहे हैं, जिससे भीड़ बढ़ने पर पुलिस को स्थिति संभालने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
बता दे कि खजुराहो में 8 और 9 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा समीक्षा बैठक और कैबिनेट बैठक आयोजित की जा रही है। ऐसे में यूरिया संकट से जूझ रहे किसानों के साथ-साथ प्रशासनिक अमले पर अतिरिक्त दबाव भी बना हुआ है।


