जबलपुर। शहर के क्राइस्ट चर्च को-एड स्कूल संस्कारधानी जबलपुर का प्रथम मध्य प्रदेश तोपखाना रेजिमेंट एनसीसी यूनिट की एनसीसी ‘ए’ सर्टिफिकेट परीक्षा का परीक्षा केंद्र बना।
रविवार को आयोजित इस परीक्षा में शहर के विभिन्न विद्यालयों से आए 525 एनसीसी कैडेटों ने भाग लिया।
आयोजित परीक्षा का सफल संचालन प्रथम मध्य प्रदेश तोपखाना रेजिमेंट एनसीसी यूनिट, जबलपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विक्रांत त्यागी (सेना पदक) की मौजूदगी में किया गया।
इस दौरान परीक्षा के सुचारू और अनुशासित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सूबेदार मेजर टीपी सैमी भी उपस्थित रहे।
क्राइस्ट चर्च को-एड स्कूल के प्राचार्य शितिज सिरिल जैकब एवं यूनिट के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) ने परीक्षा के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग दिया।
एनसीसी ‘ए’ सर्टिफिकेट परीक्षा कैडेटों के अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र निर्माण एवं सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
विद्यालय प्रशासन ने जबलपुर स्थित प्रथम मध्य प्रदेश तोपखाना रेजिमेंट एनसीसी यूनिट के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति संस्थान को परीक्षा केंद्र के रूप में चुनने के लिए आभार व्यक्त किया और सभी कैडेटों को उनकी भागीदारी के लिए बधाई दी।


