करंट लगने से दो बाघों की मौत, फसल को बचाने के लिए किसान ने खेत के चारों ओर बिछाया था बिजली के तार

DR. SUMIT SENDRAM

शहडोल। जिले के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र में करंट लगने से रविवार रात एक नर और एक मादा बाघ की मौत हो गई।
करपा बीट क्षेत्र में हुई इस घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू की गई।
वन विभाग को रविवार रात सर्किल मसिरा के आरएफ 382 क्षेत्र के पास एक बाघ का शव मिलने की सूचना मिली थी।
प्रारंभिक जांच के दौरान सोमवार तड़के उसी क्षेत्र में एक बाघिन का शव भी बरामद हुआ। दोनों शव राजस्व क्षेत्र में एक-दूसरे के नजदीक पाए गए, जिससे यह पुष्टि हुई कि उनकी मौत एक ही घटना में हुई है।
प्रारंभिक जांच और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर दोनों बाघों की मौत बिजली के करंट से होने की पुष्टि हुई है। जांच में यह सामने आया है कि एक किसान ने अपनी फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में अवैध रूप से बिजली का तार बिछाया था। इसी तार की चपेट में आने से दोनों बाघों की जान चली गई।
डीएफओ तरुणा वर्मा ने बताया कि दो बाघों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। यह मामला वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत एक गंभीर अपराध है। नियमानुसार पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और जांच के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
वन विभाग की डॉग स्क्वॉड टीम, फील्ड स्टाफ और अन्य विशेषज्ञ दल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। संबंधित किसान की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

 

Next Post

मध्यप्रदेश में संविदाकर्मी होंगे नियमित, मुख्यमंत्री ने किया बड़ा ऐलान

भोपाल। सूबे की मोहन सरकार के द्वारा प्रदेश के 2.5 लाख संविदाकर्मियों को बड़ी सौगात दी गई है। इसके लिए राज्य सरकार ने संविदा नीति-2023 के अंतर्गत तहत नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा और भत्तों से जुड़ी बड़ी घोषणा की है। जिसमें 10 साल से अधिक अनुभव रखने वाले संविदाकर्मियों को नियमित […]