भिंड। जिले के निवारी गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।
खेत में गेहूं की कटाई के दौरान पत्नी को करंट से बचाने की कोशिश में पति की जान चली गई।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। लोगों में झटका मशीनों को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि फसलों को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए लगाए जा रहे इन अवैध बिजली तारों से लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।
जानकारी के मुताबिक 45 वर्षीय विरोचन पिता दिल्लीराम कुशवाह अपनी पत्नी शकुंतला के साथ सुबह करीब 8 बजे घर से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित खेत पर गेहूं की कटाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान खेत के पास लगाए गए झटका मशीन के तार की चपेट में पहले उनकी पत्नी आ गई।
पत्नी को करंट में फंसा देख विरोचन उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत हो गए। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद विरोचन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
मृतक के परिवार में दो बेटे हैं, जिन पर अब जिम्मेदारी आ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में लगाए जा रहे झटका मशीन के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं को रोकने की मांग की है।


