इंदौर। शहर में देर रात तक पब और बार खुले रहने एवं शराब परोसे जाने की लगातार शिकायतें प्रशासन के पास पहुंच रही थी।
देर रात शराब परोसे जाने के कारण विवाद भी होते थे और सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ रही थी। इसे संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर आशीष सिंह ने पब और बार खुलने व बंद होने की रियल टाइम मॉनिटरिंग शुरू कराई।
सीसीटीवी कैमरे लगवाकर आबकारी विभाग के कंट्रोल रूम से निगरानी शुरू की गई।
इस प्रक्रिया को शुरू हुए एक माह हो चुका है, लेकिन किसी भी स्थान से देर रात तक शराब परोसे जाने की शिकायत नहीं मिली है। प्रदेश में पहली बार यह प्रक्रिया इंदौर में अपनाई गई है।
करीब एक माह पहले इंदौर में आबकारी विभाग ने 70 से अधिक बार और पब की ऑनलाइन रियल-टाइम मॉनिटरिंग शुरू की है। इसका उद्देश्य तय समय पर इन्हें बंद कराना है। रात 12 बजे बाद यदि कहीं शराब परोसी जाती है, तो कंट्रोल रूम को नोटिफिकेशन मिल जाता है।
इसके बाद उस क्षेत्र का निरीक्षक तुरंत मौके पर कार्रवाई के लिए पहुंच जाता है। कंट्रोल रूम में बैठा आबकारी अधिकारी देर रात बार और पब की गतिविधियों पर नजर रखता है।
शहर में बार और पबों की संख्या अधिक होने से आबकारी विभाग का अमला नियमित सभी बार की जांच नहीं कर पाता था। इस वजह से बार देर रात तक संचालित होते थे। अब सीसीटीवी कैमरे लगाकर इन्हें आबकारी विभाग ने कंट्रोल रूम से कनेक्ट कर दिया। कई बार यहां देर रात तक शराब परोसे जाने के साथ विवाद की घटनाएं भी सामने आती थीं। निगाह रखने जाने से इस पर भी लगाम लगी है।

