इंदौर। पुलिस ने ऐसे चोरो के गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो स्कूल-मंदिरों में चोरी की सीरियल वारदातें कर रहा था। गिरोह में छह नाबालिग और दो बालिग चोर हैं।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने दस स्कूलों और पांच मंदिरों की चोरी करना स्वीकारा है।
आरोपी शराब पार्टी कर रात 12 से तीन बजे के बीच चोरी करने जाते थे। निजी स्कूलों में चोरी की घटनाओं से पुलिस सकते में थी।
आरोपी पांच दिनों में पांच स्कूलों को निशाना बना चुके थे। चोर स्कूल से प्रोजेक्टर, कम्प्यूटर और नकदी चुरा कर ले गए थे।
बाणगंगा थाने की पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी आरोपियों की पतासाजी कर रही थी।
पुलिस ने गोविंद नगर खारचा, टिगरिया बादशाह से छह नाबालिग और दो बालिग चोरो को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि पांच दिनों में चंदन नगर, सराफा, बाणगंगा थाना क्षेत्र में पांच स्कूलों और पांच मंदिरों में चोरी कर चुके हैं।
एसीपी के मुताबिक आरोपी एकत्र होकर रात में शराब पीते थे। पार्टी के बाद उन स्कूल और मंदिरों में घुसते थे, जिनमें चौकीदार और गार्ड नहीं रहते हैं। स्कूल से प्रोजेक्टर, कम्प्यूटर और रुपये लेकर फरार हो जाते थे। एक रात में तीन-चार जगह चोरी करना कबूला है।
जांच में शामिल पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी एक स्कूल से मोबाइल फोन भी चुरा कर ले गए थे। एक आरोपी ने फोन में खुद का सिमकार्ड लगा लिया था। क्राइम ब्रांच के पास अलर्ट पहुंच गया और टीम ने पूरे गिरोह को पकड़ लिया।


