सीधी। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कलेक्टर को मांगपत्र भेजकर ओलावृष्टि एवं बारिश से हुई किसानों की फसल के नुकसान का सर्वे करा कर उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि विगत दिवस सहित दो-तीन दिनों से जिले के सीधी विधानसभा के तेगवा, पड़री, सिरसी, बरमबाबा, कठौली एवं विभिन्न ग्रामों सहित चुरहट विधानसभा क्षेत्र, सिहावल विधानसभा क्षेत्र एवं धौहनी विधानसभा के विभिन्न ग्रामों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई है। जिसके कारण किसानों की खड़ी फसल का भारी नुकसान और उनके मवेशियों की मृत्यु हुई है, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति हुई है और उनकी माली हालत खराब हो गई है। किसान अपने को बेबस और लाचार समझ रहा है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि खेती के कार्य में बटाई एवं तिहाई में खेत लेकर कार्य करने वाले मजदूरों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कलेक्टर से मांग करते हुए कहा है कि जिले भर के किसानों की फसलों की हुए नुकसान का सर्वे तत्काल कराकर मुआवजा राशि दिलाई जाए। किसानों को हुई पशु हानि का भी तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाया जाए। बटाई एवं तिहाई में खेत पर काम करने वाले मजदूरों को हुए नुकसान का भी सर्वे कराया जाए एवं उन्हें भी उचित मुआवजा राशि दिलाई जाए, जिससे उन्हें भी हुई हानि की भरपाई की जा सके।
किसानों द्वारा लिए गए ऋण की वसूली पर तत्काल रोक लगाकर ऋण माफी की जाए। किसानों द्वारा सहकारी समितियां से लिए गए खाद बीज के लिए ऋण की वसूली पर रोक लगाकर उसे माफ किया जाए।


