डिंडोरी। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया गोरखपुर ब्रांच के मैनेजर को जबलपुर सीबीआई की टीम ने मंगलवार को किसान से आठ हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
बैंक मैनेजर ने किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर दस हजार रुपए की मांग की थी।
सीबीआई की टीम आरोपी बैंक मैनेजर और किसान को साथ में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक सेंट्रल बैंक की गोरखपुर शाखा में पदस्थ मैनेजर राहुल सिंह राजपूत ने किसान सत्यम दुबे से किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट 1 लाख 67 हजार रुपए करने के नाम पर दस हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
किसान ने बैंक मैनेजर की शिकायत जबलपुर सीबीआई कार्यालय में की थी। इसके बाद आज दोपहर लगभग 3 बजे सीबीआई की 7 सदस्यीय टीम ने मैनेजर राहुल सिंह राजपूत को बैंक में ही 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम बैंक मैनेजर को साथ लेकर गाड़ासरई रेस्ट हाउस गई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।


