कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया व नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन मे थाना प्रभारी माधवनगर, चौकी प्रभारी झिंझरी व पुलिस कार्मियों के द्वारा लोकसभा चुनाव के मद्देनजर झिंझरी नाके पर सघन वाहन चैकिंग लगाई गई।
वाहन चैकिंग के दौरान लाखों रुपए के कपड़े, बर्तन एवं वाहन चालकों द्वारा यातायात का उलंघन करने वाले चालकों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई।
माधवनगर थाना प्रभारी अनूप सिंह ठाकुर ने बताया कि वाहन चैकिंग के दौरान आटो क्रमांक एमपी 21 आर 3121 को चैक किया गया जिसमे 2700 नग पेटीकोट (कपड़े) (कीमत लगभग 2,29,500/- रुपये) के लोड थे, वाहन चालक द्वारा मौके पर कोई दस्तावेज पेश नही करने पर कपड़ो को मौके पर जब्त कर पुलिस चौकी लाया गया, जहां कुछ समय पश्चात संबंधित कपड़े के मालिक हिमांशू थारवानी द्वारा वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने पर सही पाये जाने से उक्त कपड़े मालिक हिमांशू थारवानी को सुपुर्द किया गया।
इसी क्रम में वाहन क्रमांक एमपी 20 एलए 7032 को चेक करने पर 240 किलो स्टील के बर्तन (कीमत लगभग 48,882 रुपये) पाए गए,मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नही करने पर चौकी लाया गया। कुछ समय पश्चात सुमित ताम्रकार द्वारा बर्तनों के दस्तावेज प्रस्तुत किया, जिसकी तस्दीक करने पर सही पाये जाने से उक्त बर्तनों को सुपुर्द किया गया।
चार पहिया वाहनों मे वाहन मालिकों/चालकों के द्वारा वाहन में बिना अनुमति काली फिल्म लगी तीन वाहनों से काली फिल्म निकलवा कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत् चालानी कार्यवाही की गई।
इसी क्रम में 26 वाहन चालकों द्वारा यातायात के नियमों का उलंघन करने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत् चालानी कार्यवाही करते हुए समन शुल्क 8,800/- रुपये वसूल किये हैं।
इस सघन चेकिंग के दौरान 2,78,382 (दो लाख अठ्ठत्तर हजार तीन सौ बयासी) रुपये की फ्री बीज़ की जब्ती की कार्यवाही की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में चेकिंग कार्यवाही में माधव नगर थाना प्रभारी अनूप सिंह ठाकुर, झिंझरी चौकी प्रभारी महेन्द्र जायसवाल, उपनिरीक्षक प्रतीक्षा सिंह बघेल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।


