नशे से दूरी है जरूरी” विशेष जन-जागरूकता अभियान का हुआ शुभारंभ, मोटरसाइकिल जागरूकता रैली को एसपी वाहनी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

DR. SUMIT SENDRAM

डिंडोरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले “नशे से दूरी है जरूरी” विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ मंगलवार को पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर नेहा मारव्या ने भी आमजन को नशे से होने वाले सामाजिक और व्यक्तिगत नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए संदेश दिया।
नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान के शुभारंभ अवसर पर डिण्‍डौरी पुलिस द्वारा शहर में मोटरसाइकिल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख चौराहों से होते हुए पुनः कार्यालय परिसर में सम्पन्न हुई।
इस दौरान अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा, एसडीओपी (डिंडोरी) सतीश द्विवेदी, प्रभारी रक्षित निरीक्षक कुंवर सिंह उलाड़ी सहित अन्य पुलिस के अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करना था।
पुलिस कप्तान वाहनी सिंह ने बताया कि डिण्‍डौरी जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में इस 15 दिवसीय अभियान के अंतर्गत रैली, नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, पोस्टर, स्लोगन प्रतियोगिता, सोशल मीडिया प्रचार इत्यादि के माध्यम से आमजन को नशे से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
डिण्‍डौरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण हेतु अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने हेतु प्रेरित करें।
गौरतलब है कि यह अभियान प्रदेशभर में एक सशक्त सामाजिक चेतना आंदोलन के रूप में संचालित किया जा रहा है, जिसमें पुलिस, प्रशासन और समाज तीनों की संयुक्त सहभागिता अनिवार्य है।

 

Next Post

टेस्ला ने भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक लग्जरी कार की लॉन्च, शुरूआती कीमत 60 लाख रुपए

मुंबई। भारत में इलॉन मस्क की ईवी कंपनी टेस्ला ने पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी मॉडल वाई को लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि ये कार एक बार फुल चार्ज में 622 किलोमीटर तक चल सकती है। कार में सेफ्टी के लिए 8 एयरबैग के साथ लेवल-2 एडास जैसे […]