भोपाल। राजधानी के कटाराहिल्स क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात चुरा लिए। मकान में रह रहा परिवार नए साल के मौके पर सोमनाथ और द्वारका दर्शन करने गया था। जब वे वापस घर पहुंचे, तो मकान का ताला टूटा पड़ा था और अलमारी में रखे जेवर गायब मिले।
शिकायत पर कटाराहिल्स थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की है।
सहा. उपनिरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि मनीष श्रीवास्तव विदिशा क्षेत्र में कृषि करते हैं। भोपाल में उनका परिवार खजूरीकलां स्थित अनादि विला कॉलोनी में रहता है, यहां उनके बच्चे पढ़ाई करते हैं। 26 दिसंबर को मनीष अपने परिवार के साथ सोमनाथ और द्वारका घूमने गए थे। बुधवार को वापस घर पहुंचे तो घर में रखी सोने की चेन, कंगन, झुमके और मंगलसूत्र सहित तमाम जेवरात चोरी हो गए। घर में सीसीटीवी नहीं लगा है, जिससे आरोपियों को चिन्हित नहीं किया जा सका है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।

