धार। जिले के कुक्षी थाना क्षेत्र के ग्राम आली में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक अज्ञात युवक ने घर में घुसकर 5 वर्षीय मासूम की धारदार फालिया से निर्मम हत्या कर दी।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक कालू सिंह के घर बाइक से एक युवक आया। वह सीधे घर में घुसकर पलंग पर बैठ गया। जब कालू सिंह और उनकी पत्नी ने उससे पहचान पूछी, तो आरोपी ने घर में टंगा धारदार फालिया उठा लिया और लहराने लगा। घटना के समय घर में कालू सिंह, उनकी पत्नी और पांच वर्षीय बेटा विकास मौजूद थे, जबकि दो बेटियां बाहर खेल रही थीं।
आरोपित को हथियार लहराते देख कालू सिंह डरकर बाहर निकल गए। तभी आरोपी ने मासूम विकास पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में बच्चे की गर्दन धड़ से अलग हो गई और शव के टुकड़े हो गए। मासूम की मां चीखती-चिल्लाती रह गई। जबकि, आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण बड़ी संख्या में इकट्ठे हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
कुक्षी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की बाइक जब्त कर ली और आरोपी की तलाश प्रारम्भ कर दी।
मासूम का शव पोस्टमार्टम के लिए कुक्षी अस्पताल भेजा गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


