सागर। जिले के रहली थाना अंतर्गत अनंतपुर गांव के पास एक निजी बस ने सड़क किनारे खड़े चार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में सभी की मौत हो गई। इनमें दो सगे भाई थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक उछलकर काफी दूर जा गिरे।
पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के मुताबिक युवक अनंतपुरा गांव से सिमरिया हर्राखेड़ा की ओर जा रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे खड़े हो गए। बस सिमरिया से होते हुए दमोह जा रही थी।
हादसे में शिवम पिता रामचरण पाल (18), सत्यम पिता रामचरण पाल (17), प्राशू उर्फ प्रशांत पिता खुमान पाल (14) और उमेश पिता चेतू पाल (16) की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। विधायक पटेरिया ने बताया कि वे बंडा में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन घटना की खबर मिलते ही वहीं से लौटकर मौके पर पहुंच गए।
विधायक ने कहा कि एक ही परिवार के चार बच्चों की दर्दनाक मौत बेहद दुखद है। पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की मांग भी की है।


