शहडोल। जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र से प्रेम की अंधी सनक में एक युवक ने सारी हदें पार करते हुए अपनी प्रेमिका के सात वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे को रास्ते का कांटा मानते हुए पहले बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया, फिर गला घोंटकर उसकी जान ली और शव को बंद पड़ी कोयला खदान में फेंक दिया।
पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा मंगलवार को करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक धनपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती निवासी मोहशीन का झिल्ली दफाई क्षेत्र में मजदूरी करने वाली नंदनी कोल से प्रेम संबंध था। आरोपी नंदनी के साथ रहना चाहता था, लेकिन नंदनी ने अपने दो छोटे बच्चों के कारण उसके साथ रहने से इनकार कर दिया था। यही बात आरोपी को नागवार गुजरी और उसने बच्चों को अपने प्रेम में बाधा मान लिया।
आरोपी ने पहले नंदनी के सात वर्षीय बेटे ऋतिक कोल को निशाना बनाया। वह मासूम ऋतिक को बहला-फुसलाकर अपने साथ बगैय्या नाला के पास स्थित बंद पड़ी कोयला खदान में ले गया, जहां उसने बच्चे का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को खदान में भरे पानी में फेंक दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दूसरे बच्चे को भी मारने की योजना बना रहा था।
बता दे कि सात वर्षीय ऋतिक कोल बीते पांच दिनों से लापता था। परिजनों ने धनपुरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और बच्चे की तलाश के लिए पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। बाद में खदान में पानी में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए हत्या की आशंका गहराई, जिसके बाद कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल धनपुरी पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मंगलवार को खुलासा करते हुए धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया।


