छतरपुर। शिवपुरी जिले में हुई एक अधिवक्ता की हत्या के बाद अधिवक्ता सुरक्षा कानून को लेकर छतरपुर शहर में सभी अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर चौराहे पर धरना प्रदर्शन कर दिया है।
अधिवक्ताओं की मांग है कि वकीलों की सुरक्षा संबंधी कानून लाया जाए।
बता दे कि शहर के अधिवक्ता उस समय भड़क गए जब वह अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर पार्थ जायसवाल को ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन जब अधिवक्ताओं का ज्ञापन नहीं लिया गया तो सभी अधिवक्ता भड़क गए।
जिसके बाद अधिवक्ताओ ने आकाशवाणी तिराहे पर धरना प्रदर्शन कर चक्काजाम कर दिया।
इस दौरान कुछ अधिवक्ताओं ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया, तो वहीं अपनी मांगों को लेकर प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
चक्काजाम के कारण चारों तरफ दूर-दूर तक वाहनों की कतारें लग गई हैं, दोपहिया वाहन सहित सभी तरह के वाहनों को रोक दिया गया है।
हंगामे और जाम की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच आखिरकार कलेक्टर ने वकीलों का ज्ञापन स्वीकार किया।
ज्ञापन में वकीलों की सुरक्षा के लिए प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। आश्वासन मिलने के बाद वकीलों ने जाम समाप्त किया।


