इंदौर। महानगर में पूर्वी रिंग रोड प्रोजेक्ट और इंदौर मनमानड़ रेल लाइन के विरोध में किसानों ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान तेज गर्मी की वजह से एक बुजुर्ग किसान को घबराहट होने लगी और वो वहीं लेट गए।
इस पर वहां मौजूद सरकारी कर्मचारी पानी की बॉटल लेकर पहुंचे, लेकिन किसानों ने उनका पानी पीने से भी साफ इन्कार कर दिया और कहा कि हम अपना ही पानी पिएंगे। सरकार का पानी भी नहीं लेंगे।
जानकारी के मुताबिक पूर्वी रिंग रोड और इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन से 44 गांवों के किसान प्रभावित हुए हैं।
किसानों का कहना है कि प्रस्तावित नक्शे से अति उपजाऊ सिंचित कृषि भूमि जो साल में 3 से 4 फसलें देती है उसे हटाया जाए। बिना किसानों की स्वीकृति के भूमि अधिग्रहण करना किसानों के मौलिक अधिकारों का हनन होगा।
साथ ही किसानों ने मुआवजा राशि वर्तमान बाजार भाव से चार गुना करने की मांग की है।


