इंदौर। शहर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में एमआईजी पुलिस ने क्षेत्र के तीन आदतन बदमाशों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की है।
कार्रवाई के बाद पुलिस टीम आरोपियों के क्षेत्र में पहुंची और लाउड स्पीकर से मुनादी कर लोगों को इसकी जानकारी दी।
एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि एमआईजी पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने और क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर सख्ती बरतते हुए तीन चिन्हित बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की है। इसमें सुदीप उर्फ सुमित पिता रमाकांत मिश्रा निवासी नरसिंह की चाल, साजिद (28) पिता इस्लाम खान निवासी कृष्णबाग कॉलोनी एवं अतीत (29) पिता अशोक बौरासी निवासी पाटनीपुरा शामिल हैं।
बता दे कि पुलिस ने तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा था। रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने तीनों के खिलाफ जिलाबदर के आदेश जारी किए।
आदेश के तहत सुदीप उर्फ सुमित मिश्रा को 6 महीने के लिए, साजिद खान को 3 महीने के लिए और अतीत बौरासी को 6 महीने के लिए इंदौर जिले के साथ ही आसपास के सीमावर्ती जिलों उज्जैन, देवास, धार और खरगौन की राजस्व सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को आदेश तामील कराए और उनके मोहल्लों में पहुंचकर मुनादी कराई, ताकि क्षेत्र के लोगों को कार्रवाई की जानकारी मिल सके।


