इंदौर। शहर के लसूड़िया में एक बदमाश जबरन घर में घुस गया। कहने लगा कि दुर्लभ कश्यप गैंग का आदमी हूं, अपनी बेटी की शादी मुझसे करवा दो। परिवार ने बदमाश को बाहर निकालने की कोशिश की तो उसने हाथापाई शुरू कर दी।
घटना की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
लसूड़िया पुलिस ने आनंदीलाल सौराष्ट्रीय की शिकायत पर ऋतिक निवासी पंचवटी कॉलोनी पर धमकाने का केस दर्ज किया है।
आनंदीलाल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम ऋतिक मेरे घर में जबरन घुस गया। वह खुद को उज्जैन के कुख्यात दुर्लभ कश्यप गैंग का आदमी बताने लगा।
बदमाश ने धमकी देते हुए कहा कि अपनी बेटी की शादी मुझसे कर दो। नहीं तो ठीक नहीं होगा। मैंने उसे बाहर निकलने को कहा तो धमकाने लगा। कहा कि तुम लोग मुझे जानते नहीं हो। मैं दुर्लभ कश्यन गैंग का आदमी हूं। अगर बेटी की शादी मुझसे नहीं की तो तुम लोगों को जान से खत्म कर दूंगा।
बेटी का अपहरण कर उसे उठाकर ले जाउंगा। पिता आनंदीलाल के विरोध करने पर हाथापाई करने लगा। इसके बाद पत्नी और बेटे ने आकर बीच-बचाव किया। इस दौरान मौका पाकर ऋतिक वहां से भाग गया। जिसके बाद आनंदीलाल और उनका परिवार काफी डर गया।
रात में उन्होंने थाने आकर पुलिस को पूरे मामले में शिकायत की है।
लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश सोनी के मुताबिक दुर्लभ कश्यप गैंग का नाम सामने आने पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। परिवार डरा हुआ है। हमने ऋतिक पर धमकाने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है |


