भोपाल। प्रदेश की छह लोकसभा सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। इसमें 80 उम्मीदवारों को सियासी भविष्य ईवीएम में कैद होगा।
यहां पिछले लोकसभा चुनाव में औसत मतदान 67.75 प्रतिशत रहा था।
2019 में सभी छह सीटें (टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद) भाजपा ने जीती थीं।
पहले चरण के चुनाव में हुए कम मतदान को देखते हुए चुनाव आयोग, भाजपा और कांग्रेस ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के प्रयास किए हैं।
दूसरे चरण के चुनाव में शामिल सीटों में 2014 की तुलना में 2019 में मत प्रतिशत में सर्वाधिक 16.92 प्रतिशत वृद्धि खजुराहो लोकसभा सीट पर हुई थी। इसके बाद टीकमगढ़ में 16.42, दमोह में 10.52, होशंगाबाद में 8.41, सतना में 8.3 और रीवा में 6.65 प्रतिशत मतदान अधिक रहा था।
पहले चरण में हुए कम मतदान से गड़बड़ाए राज्य के औसत मतदान में सुधार के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने बूथ लेवल आफिसरों को घर-घर भेजा तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी से लेकर भाजपा के सभी नेताओं ने मतदाताओं से अपने मताधिकार उपयोग अवश्य करने की अपील भी की है।
इस चरण में एक करोड़ 11 लाख 62 हजार 460 मतदाता हैं। शेष मतदाताओं को भी पर्ची उपलब्ध करवाई जा रही हैं।


