सिंगरौली। सीबीआई ने एनसीएल (नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के दो अधिकारियों और एक सप्लायर के ठिकानों पर छापेमारी कार्यवाही की है।
सीबीआई टीम ने अब तक 4 करोड़ रुपए नगद बरामद किया है।
एनसीएल के सप्लायर रवि सिंह को गिरफ्तार किए जाने की भी खबर है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
बता दें कि जबलपुर से आई सीबीआई की टीम ने रविवार सुबह ये कार्रवाई की। सीबीआई टीम की ओर से कार्रवाई को लेकर कुछ नहीं बताया गया है। सीबीआई की टीम में करीब 22 सदस्य शामिल हैं। जांच एजेंसी की तीन टीमों ने मिलकर कार्रवाई की है।
सीबीआई की टीम सबसे पहले एनसीएल के सीएमडी बी साईराम के पीए सूबेदार ओझा के आवास पर पहुंची। यहां उसने पूछताछ की। साथ ही दस्तावेजों की जांच की। इसी दौरान सीबीआई टीम के बाकी सदस्यों ने एनसीएल के सुरक्षा विभाग में पदस्थ सीनियर ऑफिसर बीके सिंह के यहां भी दबिश दी। साथ ही एनसीएल के सप्लायर रवि सिंह के घर पर भी कार्रवाई की।
एनसीएल के सप्लायर रवि सिंह के यहां से सीबीआई टीम ने डेढ़ करोड़ रुपए नगद बरामद किए हैं। सीबीआई ने रवि सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार कर उन्हें सिंगरौली कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। हालांकि, टीम ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
सीबीआई की कार्रवाई के दौरान सप्लायर रवि सिंह ने खुद के अस्वस्थ होने की बात कही। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।
बताया जा रहा है कि रवि सिंह एनसीएल का सबसे बड़ा सप्लायर है। वो कंपनी को विभिन्न प्रकार की महंगी मशीनें और उनके पार्ट उपलब्ध कराता है।


