खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र के बड़ा बोरगांव में अज्ञात आरोपी ने 35 वर्षीय युवक की घर में घुसकर सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक मामला शनिवार तड़के 3:30 से 4:00 के बीच का है।
जानकारी के मुताबिक बड़ा बोरगांव निवासी आमीन पिता खलील घर में सो रहा था। तभी अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और कान के पीछे गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
परिजनो ने बताया कि रात में तीन से चार बजे के बीच उन्हें पटाखा फूटने जैसी आवाज आई। जब वह उठे तो उन्हें आमीन घायल अवस्था में मिला। तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल इस मामले में जाँच शुरू कराई है। टीम बनाकर जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

