जबलपुर। यूपी के चंदौली जिले के रहने वाले भाजपा नेता सुजीत सिंह को मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में लूट लिया गया। वह परिवार के साथ मैहर दर्शन के बाद बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन जा रहे थे। नागपुर-प्रयागराज हाईवे पर जब वह रेस्ट के लिए कार से उतरे, उसी दौरान 4-5 हथियारबंद बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया।
बदमाश भाजपा नेता की हीरे का लॉकेट लगी सोने की चेन छीनकर भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित परिवार जबलपुर के खितौला थाना पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक भाजपा नेता सुजीत सिंह अपनी पत्नी, बेटे, साथी और ड्राइवर के साथ कार (यूपी 67 एएफ 7000) से 18 जून की सुबह 3 बजे निकले थे। दोपहर में वे मैहर पहुंचे, जहां शारदा माता के दर्शन के बाद रात 9 बजे जबलपुर के लिए रवाना हुए। रात करीब 11 बजे उन्होंने गाड़ी खितौला थाने के पास हाईवे पर रोकी।
इसी दौरान तलवार और रॉड से लैस चार से 5 हथियारबंद बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और तेज था कि संभलने तक का मौका नहीं मिला। बदमाश चेन लूटकर भागने लगे। इस बीच ड्राइवर ने गाड़ी का हूटर बजा दिया, जिससे घबराकर बदमाश भाग निकले।
घटना के बाद सुजीत सिंह गोसलपुर थाना पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि यह मामला खितौला थाना क्षेत्र का है। इसके बाद गोसलपुर पुलिस ने उन्हें खितौला थाना पहुंचाया, जहां एफआईआर दर्ज की गई।
भाजपा नेता सुजीत सिंह ने जबलपुर में कहा कि जिस तरह से बदमाश हमला कर रहे थे, अगर मै और मेरे परिवार बचाव नहीं करते तो हमारी जान भी जा सकती थी। उन्होंने जबलपुर पुलिस पर सही समय पर उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगते हुए कहा कि घटना के कई घंटे बाद भी पुलिस ने सिर्फ मामला दर्ज कर खानापूर्ति की। अगर तुरंत एक्शन लिया जाता तो आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त में होते।
उन्होंने कहा कि अगर यही घटना उत्तरप्रदेश में होती तो आरोपी अब तक पकड़े जा चुके होते। हम घंटों तक खितौला थाने में बैठे रहे, लेकिन थाना प्रभारी ने मौके पर जाने से यह कहकर इनकार कर दिया कि एफआईआर दर्ज हो गई है, ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।
अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि सुजीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। कुछ लोगों को चोट भी आई है, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है। उन्होंने बताया कि इसी तरह की लूटपाट की घटनाएं पहले भी जबलपुर, कटनी और मैहर में हो चुकी हैं।


