भोपाल। नगर निगम भोपाल की अरवलिया गौशाला में बुधवार को तीन गायों की भूख-प्यास से मौत हो गई। वहीं आठ से अधिक की हालत गंभीर है। हालात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि गोशाला में प्रशासनिक टीम के पहुंचने तक गायों के लिए चारा-पानी का इंतजाम तक नहीं था। इस कड़ी धूप में सैकड़ों गोवंश खुले मैदान में थे।
क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गौशाला में प्रदर्शन किया।
बजरंग दल के कार्यकर्ता शुभम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में दावा किया कि गौशाला में 10 से 15 गोवंश की मौत हुई है। इसमें से कई के शव तालाब के किनारे फेंक दिए गए हैं।
बजरंग दल मध्य भारत प्रांत के संयोजक सुशील सुडेले ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर तीन गायें मृत मिली थीं। वहीं सात गोवंश मरणासन्न अवस्था में थे। वहां कई अनियमितताएं हैं। 665 गोवंश के रखे जाने का रिकॉर्ड है, लेकिन वहां 300-400 गोवंश मौजूद थे।
इतने गोवंश के लिए केवल चार बोरी भूसा रखा मिला। इसी के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की सूचना पर प्रशासन सक्रिय हुआ उसके बाद आनन-फानन में अधिकारियों का दल वहां पहुंचा। मृत गायों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं मरणासन्न गायों का इलाज शुरू हुआ है।
हुजूर के नायब तहसीलदार संतोष दुबे ने बताया कि घटना के बाद गौशाला में चारे की व्यवस्था करा दी गई है।

