भोपाल। भोपाल संसदीय सीट पर लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को वोट डाले गए।
यहां मतदान के दौरान भाजपा के जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर एक बड़ी चूक कर बैठे। उन्होंने पोलिंग बूथ पर जाकर खुद मतदान न करते हुए अपने नाबालिग बेटे से ईवीएम का बटन दबवाया। इतना ही नहीं, उन्होंने मोबाइल से इसका वीडियो भी बनाया। ऐसा उन्होंने तब किया, जबकि पोलिंग बूथ पर मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है।
घटना बैरसिया विधानसभा क्षेत्र की है। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस मामले का संज्ञान लिया और उनके निर्देश पर जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
वहीं, पीठासीन अधिकारी संदीप सैनी सहित पूरी पोलिंग टीम को सस्पेंड भी कर दिया गया है।
जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर ने भोपाल जिले की बैरसिया तहसील के मतदान केंद्र क्रमांक 71 खितवास पर अपने बेटे से वोट डलवाया था।
इस मामले में कलेक्टर ने एसडीएम बैरसिया को जांच सौपी थी। जांच के बाद जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर पर बैरसिया थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
इस प्रकरण मे लापरवाही बरतने पर पीठासीन अधिकारी संदीप सैनी उनके सहायक सीआर बाथम, मनोज कुमार मौर्य और मदन गोपाल पटेल को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, प्रधान आरक्षक संतोष को लाइन अटैच कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इस वीडियो को जिपं सदस्य विनय मेहर ने खुद फेसबुक पर पोस्ट किया था, लेकिन मामला तूल पकड़ने के बाद उन्होंने इसे डिलीट कर दिया। हालांकि तब तक यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो गया।
यह वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस को हमलावर होने का मौका मिल गया। कांग्रेस ने भाजपा पर चुनाव प्रक्रिया से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही चुनाव आयोग से भी सवाल किया कि इस मामले में कोई कार्रवाई होगी?


